वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
प्रयागराज- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश और दुनिया ने देखा कि ड्रोन से भारत के ऊपर हुए हमले का जवाब किस तरह भारतीय सेना ने दिया। कंगाल पाकिस्तान जगह जगह गिड़गिड़ा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सेना अध्यक्षों एवं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ बैठक कर युद्ध विराम अपनी शर्तों पर स्वीकार किया। सिंधु जल समझौता बहाल नहीं होगा। सीज फायर तोड़ने पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
सर्किट हाउस में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में केशव ने कहा कि चीन सहित कई देश भारत की प्रगति से परेशान हैं। वे युद्ध में उलझाना चाहते हैं लेकिन हम सब सूझ-बूझ के साथ आगे बढ़ते रहेंगे। हमारा लक्ष्य 2047 में विकसित देश बनना है। 11 मई का दिन देश के लिए खास है। 1998 में देश ने पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण किया था। यह हमारी आत्मनिर्भरता का परिचायक है।
राष्ट्र हित के मुद्दों पर राजनीति न करे विपक्ष: केशव प्रसाद मौर्य
आज के ही दिन लखनऊ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन एवं टेस्टिंग फैसिलिटी का वर्चुअल उद्घाटन किया। इससे सेना की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। मौर्य ने विपक्ष को चेताया है कि राष्ट्र हित से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष राजनीति न करे। भारत का तिरंगा सम्मान के साथ ऊंचा है और रहेगा।
राष्ट्रीय महत्व के विषय पर एकजुट रहने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पहले भी भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की थी। अब आपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। पूरे देश ने भारतीय सेना का शौर्य देखा है।